भीषण गर्मी का कहर: स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी, लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
बीजीएन 24 इंडिया
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खुद को डिहाइड्रेशन और लू से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस घोल या कच्चे आम का पना नियमित रूप से सेवन करें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तेज धूप में खाली पेट बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है, इसलिए घर से निकलने से पहले हल्का भोजन जरूर करें। इसके साथ ही ज्यादा मिर्च-मसालेदार और बासी भोजन से परहेज करने की भी सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि कूलर या एसी में रहने के बाद अचानक तेज धूप में जाने से शरीर पर विपरीत असर पड़ सकता है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए तापमान में अचानक बदलाव से बचना जरूरी है।
यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे लापरवाही न बरतें और बताए गए उपायों का पालन कर खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
विशाल सिंह राजपूत*
बीजीएन 24 इंडिया
राष्ट्रीय प्रवक्ता
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़(छ. ग.)











