जनदर्शन में जनसमस्याओं पर कलेक्टर का त्वरित एक्शन, कई मामलों में मौके पर जांच के दिए निर्देश

जनदर्शन में जनसमस्याओं पर कलेक्टर का त्वरित एक्शन, कई मामलों में मौके पर जांच के दिए निर्देश

आयुष्मान योजना में अतिरिक्त राशि वसूली की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग को जांच के आदेश
श्रमिकों की मजदूरी वृद्धि की मांग पर कंपनी प्रबंधन को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश

रायगढ़, 25 मई 2026। जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन में जिलेभर से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए कई मामलों में तत्काल जांच के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

जनदर्शन में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, श्रमिक कल्याण, राजस्व, कृषि, खनिज एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम धौराभाठा के 89 वर्षीय घासीराम साहू ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वर्ष 2002 की सर्वे सूची में नाम दर्ज नहीं होने के कारण वे एवं उनकी पत्नी आज तक सामाजिक पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं। वृद्ध दंपत्ति की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को पात्रतानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महापल्ली निवासी श्रीमती सावित्री उरांव ने नक्शा बटांकन के लिए दिए गए आवेदन पर अब तक कार्यवाही नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को प्रकरण का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

वहीं कुडुमकेला क्षेत्र के मजदूर कल्याण संघ से जुड़े श्रमिकों ने मजदूरी वृद्धि की मांग रखते हुए बताया कि वे जामपाली खुली खदान में कोयला लोडेड ट्रकों में लेवलिंग एवं तिरपाल लगाने का कार्य करते हैं। वर्ष 2022 से निर्धारित मजदूरी दर पर ही भुगतान होने से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने संबंधित कंपनी प्रबंधन को नियमानुसार मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा श्रमिकों की मांगों का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

उच्चभिट्ठी निवासी बालेश्वर चंदा ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत रायगढ़ के एक निजी अस्पताल पर अतिरिक्त राशि वसूली एवं बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरतने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मरीज को दबावपूर्ण परिस्थितियों में समयपूर्व डिस्चार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

ग्राम तेंदुमुड़ी के ग्रामीणों ने कुरकुट नदी में अवैध रेत खनन पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि लगातार अवैध उत्खनन से नदी का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने जिला खनिज अधिकारी को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बंगुरसिया क्षेत्र के किसानों ने सेवा सहकारी समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

जनदर्शन में अतिक्रमण हटाने, बिजली समस्या, लंबित भुगतान, सीमांकन, सड़क एवं सीसी रोड निर्माण स्वीकृति सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विशाल सिंह राजपूत
राष्ट्रीय प्रवक्ता
बीजीएन 24 इंडिया न्यूज़

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

भ्रष्टाचार

मनोरंजन

राजनीति

लाइफस्टाइल

धार्मिक

गुनाह

खेल

देश

प्रदेश