कलेक्टर ने पीएम सुरक्षित मातृत्व शिविर सहित जिला चिकित्सालय सारंगढ़ का लिया जायजा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 मई 2026।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर का कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में गर्भवती महिलाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार सेवाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की सराहना की।
कलेक्टर ने शिविर में महिलाओं को दी जा रही निःशुल्क जांच, दवा वितरण एवं चिकित्सकों द्वारा दिए जा रहे परामर्श की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी दौरा किया। यहां भर्ती कुपोषित बच्चों के उपचार, डाइट प्लान एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
दौरे के समापन अवसर पर कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन हेतु पहुंचीं चार किशोरी बालिकाओं को वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि शिविर में 56 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 16 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था श्रेणी में चिन्हित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अटल आरोग्य लैब को लेकर दिए कड़े निर्देश
शिविर निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने अस्पताल परिसर स्थित अटल आरोग्य लैब का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि लैब में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर ने लैब के लंबित उन्नयन कार्यों, रंगाई-पुताई, बिजली व्यवस्था तथा जांच रिपोर्ट में लगने वाले समय संबंधी सूची को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित कार्य तत्काल पूर्ण किए जाएं ताकि मरीजों को अटल आरोग्य लैब की सुविधाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।
विशाल सिंह राजपूत
राष्ट्रीय प्रवक्ता
बीजीएन 24 इण्डिया न्यूज़











