सही दवा-शुद्ध आहार अभियान: रायगढ़ में सघन जांच तेज, गांवों तक पहुंची कार्रवाई
बीजीएन 24 इंडिया न्यूज़
रायगढ़, 29 अप्रैल 2026। “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्ती लगातार बढ़ती नजर आ रही है। 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे 15 दिवसीय अभियान के अंतर्गत अब जांच की कार्रवाई शहरी क्षेत्रों से निकलकर ग्रामीण अंचलों तक पहुंच चुकी है।

इसी क्रम में बुधवार को रायगढ़ जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामों में मेडिकल एवं कॉस्मेटिक दुकानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। प्रशासन की टीम ने विकासखंड पुसौर और खरसिया सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित थोक और खुदरा दवा दुकानों को चिन्हित कर सघन जांच की।
पुसौर क्षेत्र में बी.के. मेडिकल स्टोर, अग्रवाल मेडिकल स्टोर, सुशील मेडिकल सेंटर और शॉपिंग जोन (कॉस्मेटिक) जैसे प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। वहीं खरसिया क्षेत्र में हीरा मेडिकल स्टोर, सुषमा इंटरप्राइजेस और अजय इंटरप्राइजेस सहित अन्य दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत कुल 5 मेडिकल स्टोर और 3 कॉस्मेटिक दुकानों की जांच की गई। टीम ने दवाओं के भंडारण, गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, लाइसेंस की वैधता और जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। साथ ही दुकानदारों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।




खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दवा खरीदते समय बिल अवश्य लें, एक्सपायरी डेट जांचें और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुष्पा
बीजीएन 24 इंडिया
सिटी ब्यूरो चीफ
रायगढ़ (छ. ग.)











