रोजगार योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुंचीं प्रबंध संचालक, हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
बीजीएन 24 इंडिया न्यूज़
रायगढ़, 29 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक श्रीमती रीता यादव ने जिले में संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत लाभान्वित हितग्राहियों के इकाई स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभवों को जाना।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोसमंदा में संचालित दोना-पत्तल निर्माण इकाई पहुंचे प्रबंध संचालक ने संचालक नेहरू लाल पटेल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों से यह व्यवसाय न केवल उनके लिए बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार का जरिया बना हुआ है। इसे ग्रामीण स्वरोजगार का एक प्रेरणादायक मॉडल बताया गया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत कूलर निर्माण व्यवसाय संचालित कर रहे श्रेयस साहू के नवाचारों की सराहना की गई। वहीं पुसौर में निखिल साहू द्वारा संचालित आधुनिक रेस्टॉरेंट और रायगढ़ में अभिषेक केरकेट्टा के “ओहमा होटल एवं रेस्टोरेंट” के सफल संचालन को भी सराहा गया। प्रबंध संचालक ने सभी उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए व्यावहारिक सुझाव देते हुए युवाओं के प्रयासों की प्रशंसा की।



श्रीमती यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ग्रामोद्योग अंतर्गत नई इकाइयों की स्थापना हेतु अधिकाधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों को भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मनोज बेरीवाल
सिटी रिपोर्टर
रायगढ़ छ. ग.









