बस्तर जिले में पहले दिन के लिए 50.44 मीट्रिक टन के टोकन जारी

रायपुर, 14 नवम्बर 2026

बस्तर जिले के अन्नदाताओं के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का बहुप्रतीक्षित महाअभियान रविवार 15 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है, जिसको लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिले के 88 उपार्जन केंद्रों पर आगामी 15 जनवरी तक निरंतर चलने वाले इस अभियान के पहले दिन यानी 15 नवंबर के लिए कुल 8 उपार्जन केंद्रों में 13 किसानों के टोकन पंजीकृत हो चुके हैं, जिनके माध्यम से 50.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी।  

            जिला विपणन अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर तक दर्ज किए गए टोकन विवरण में ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति किसानों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। पहले दिन की खरीदी के लिए कुल 13 टोकन जारी हुए हैं, जिनमें से 11 टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए और 2 टोकन समिति के माध्यम से काटे गए हैं। मात्रा के हिसाब से देखें तो ऐप के माध्यम से 41.44 मीट्रिक टन तथा समिति के माध्यम से 9.00 मीट्रिक टन धान की बिक्री के लिए पंजीयन हुआ है। पहले दिन सर्वाधिक 4 टोकन (19.40 मीट्रिक टन) बड़ेमारेंगा उपार्जन केंद्र में पंजीकृत किए गए हैं, जबकि मुली में 2 टोकन (8.60 मे.टन), रेटावंड/बालेंगा में 2 टोकन (6.32 मे.टन), सोनपुर में 1 टोकन (5.76 मे.टन), नदीसागर में 1 टोकन (3.88 मे.टन), कचनार में 1 टोकन (2.48 मे.टन), बडान्जी में 1 टोकन (2.00 मे.टन) और लोहण्डीगुडा/धुरागांव केंद्र में 1 टोकन (2.00 मे.टन) धान की तौल के लिए जारी हो चुके हैं।  

            जिले में दूर-दराज के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इस सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष जिले में 9 नए उपार्जन केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। जिले के आधिकारिक पंजीयन आंकड़ों के मुताबिक, 67,538.0160 हेक्टेयर रकबे के साथ कुल 51,068 किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं। संपूर्ण उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन केंद्रों व समितियों के माध्यम से सीधे वितरित किए जाएंगे, जिससे किसानों को घर बैठे सुविधा मिलने के साथ ही केंद्रों पर भी विकल्प मौजूद रहेगा।

            शासन द्वारा तय नियमों के तहत रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी करने की पात्रता निर्धारित की गई है। ऑनलाइन टोकन पंजीयन की यह सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, हालांकि शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में तौल कार्य पूरी तरह बंद रहेगा और टोकन जनरेट होने के उसी दिन की तौल तिथि का चयन भी वर्जित रहेगा। इसके अतिरिक्त केवल उन्हीं किसानों के टोकन जारी हो सकेंगे जिनके बैंक और ऋण खाते विधिवत सत्यापित हैं, तथा टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के तय अनुपात में प्रविष्टि दर्ज करना अनिवार्य रखा गया है। जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करने और अपनी उपज का सुगम विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की है।

10840/कमल/गोपाल

  • टैग:
Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

भ्रष्टाचार

मनोरंजन

राजनीति

लाइफस्टाइल

धार्मिक

गुनाह

खेल

देश

प्रदेश

Latest Post