पोषण पखवाड़ा समापन: उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान, कुपोषण मुक्त समाज का लिया संकल्प
बीजीएन 24 इंडिया
रायगढ़, 23 अप्रैल 2026।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज सभागार में आयोजित पोषण पखवाड़ा के समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पर्यवेक्षक चेतना पटेल, दीपमाला कर और प्रतिमा नायक को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छह सहायिकाओं को भी उनके समर्पण और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि पोषण पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
समारोह में सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो और जिला कार्यक्रम अधिकारी एल.आर. कच्छप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 8वां पोषण पखवाड़ा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रैलियों, जागरूकता अभियानों और स्वास्थ्य गतिविधियों के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

समापन समारोह में बच्चों और महिलाओं ने गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए पोषण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और महिलाएं शामिल हुईं। अंत में सभी ने मिलकर स्वस्थ और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
पुष्पा
बीजीएन 24 इंडिया
सिटी ब्यूरो चीफ
रायगढ़ (छ. ग.)











