लोकेशन : कोरबा, छत्तीसगढ़
ब्यूरो चीफ : नरेंद्र वाकड़े की रिपोर्ट
पीएम जनमन योजना से कोरबा के दूरस्थ अंचलों में विकास की नई रफ्तार – उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन
कनबेरी में 21.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, आठ वृहद पुलों की रखी गई आधारशिला
कोरबा, 02 मार्च 2026।

छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा जिले के दूरस्थ अंचलों के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 21.35 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम कनबेरी में श्री अग्रसेन गौसेवा समिति के समीप आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने की।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से न केवल सड़क कनेक्टिविटी में विस्तार हुआ है, बल्कि दूरस्थ जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को भी बल मिला है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से पीवीटीजी समुदायों के उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि ग्राम में मुख्यमंत्री गौरव पथ का निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया जा रहा है। सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण से वर्षा ऋतु में संपर्क बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान होगा और ग्रामीण अंचलों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
मंत्री श्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि राज्य सरकार समग्र एवं समान विकास की नीति पर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए अब कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहेगा।21.35 करोड़ रुपये के विकास कार्य
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कुल 21.35 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से आठ वृहद पुलों एवं सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 20.92 करोड़ रुपये की लागत से लेमरू-देवपहरी मार्ग, डोकरमना मेन रोड, बगबुड़ा रोड, बताती-बांसाखार मार्ग और पतरापाली-धानकछार मार्ग पर गौमुखी, चिंगराडांड, गड़गड़ा, कोटगसरा एवं पेंसारी नाला में वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा।
पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड में कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग से बहरीझरिया मार्ग पर कोठीझुंझा नाला में 278.72 लाख रुपये की लागत से एक वृहद पुल का निर्माण स्वीकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत कटघोरा विकासखण्ड में पंचराम घर से हीरालाल घर तक 500 मीटर लंबी सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य 42.95 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और अधिक सुगम होगा तथा विशेष रूप से वर्षा ऋतु में संपर्क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सदस्य श्री विनोद यादव, जनपद सदस्य श्री अमृत लाल कंवर, सरपंच श्री शत्रुघन सिंह, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अग्रवाल, श्री अग्रसेन गौसेवा समिति कोरबा के अध्यक्ष श्री जयंत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










