नीट-यूजी 2026 की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने की व्यापक समीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, सुविधा और समन्वय पर विशेष जोर
बीजीएन 24 इंडिया
रायगढ़, 23 अप्रैल 2026/ आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए परीक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की।


कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कंट्रोल रूम, हेल्प डेस्क और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर विशेष बल दिया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति का तुरंत समाधान किया जा सके।
बैठक में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा दिवस पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहे और परीक्षा की गोपनीयता व निष्पक्षता हर हाल में बनी रहे। बैठक में पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।
मनोज बेरीवाल
सिटी रिपोर्टर
रायगढ़ छ. ग.











