जनदर्शन में गूंजा आमजन का स्वर, समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
बीजीएन 24 इंडिया
रायगढ़, 27 अप्रैल 2026। जिला कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में आजीविका सुदृढ़ीकरण, आवास योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। राजस्व, बिजली और अन्य जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।




ग्राम गुडु के निवासी ललित कुमार ने मछली पालन हेतु तालाब ठेका प्रदान करने की मांग रखी, जिस पर विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम कोतरा की श्रीमती रामबाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित तृतीय किस्त और चार माह से रुकी वृद्धा पेंशन राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि अंतिम किस्त के अभाव में मकान निर्माण अधूरा है। इस पर मामले को प्राथमिकता में लेकर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में कोतरा रोड चुनाभट्ठी निवासी तेरस श्रीवास ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र में नाम सुधार के लिए आवेदन दिया, जिसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत धनागर के ग्रामीणों ने धनागर-भूपदेवपुर मार्ग पर प्रवेश द्वार निर्माण की मांग रखी। वहीं वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद विष्णुचरण पटेल ने बरमुड़ा स्थित शासकीय भूमि (नाला) को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं मरम्मत कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। विकासखंड लैलूंगा के ग्राम खम्हार से बिजली खंभों में केबल तार लगाने की मांग भी सामने आई।
इसके अलावा राशन कार्ड, पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए।
सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
विशाल सिंह राजपूत
बीजीएन 24 इंडिया
राष्ट्रीय प्रवक्ता
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़(छ. ग.)











