उच्च रक्तचाप की रोकथाम को लेकर चला जागरूकता अभियान, ‘हाइपरटेंशन माह’ का हुआ समापन
जी.एन.एम. छात्राओं की रैली और चिकित्सकों ने नियमित जांच व संतुलित जीवनशैली का दिया संदेश

नारायणपुर, 18 जून 2026 // विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एक माह लंबे ‘हाइपरटेंशन माह’ का समापन जिला अस्पताल में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के साथ किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच, संतुलित जीवनशैली और नियमित उपचार के महत्व से अवगत कराना था।
समापन अवसर पर जी.एन.एम. छात्राओं द्वारा जिला अस्पताल से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को उच्च रक्तचाप के लक्षण, संभावित जोखिम, बचाव के उपाय तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने जागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से नियमित रक्तचाप जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील भी की।
अस्पताल परिसर में जी.एन.एम. छात्राओं द्वारा पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से हाइपरटेंशन के कारण, लक्षण, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों को सरल भाषा में प्रदर्शित किया गया। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ द्वारा नियमित दवा सेवन, संतुलित एवं कम नमक वाला आहार, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर रक्तचाप की जांच कराने के संबंध में विस्तार से परामर्श दिया गया।




समापन कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार भोयर, एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. बनपुरिया, सर्जन डॉ. आदित्य केतकी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुषा सिंह, डॉ. पी. धोटे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राजीव सिंह, असिस्टेंट नोडल अधिकारी (एनसीडी) छत्रपाल साहू, साइकियाट्रिक नर्स उमेश कुमार वर्मा, रुद्रनाथ साहू एवं स्टाफ नर्स राजबती गोटा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. बी.एन. बनपुरिया ने कहा कि हाइपरटेंशन एक “साइलेंट किलर” है, जो प्रारंभिक अवस्था में सामान्यतः कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाता, लेकिन समय पर पहचान और उपचार नहीं होने पर हृदय, मस्तिष्क तथा किडनी सहित शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तचाप की जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी नागरिकों से नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
BGN24 INDNIA
चीफ ब्यूरो नारायणपुर
रिपोर्टर प्रदीप नेताम
नारायणपुर छत्तीसगढ़
मो.7067037702












