अनुकंपा से मिला सहारा: कलेक्टर डॉ कन्नौजे ने दुर्गा पैकरा को सौंपा नियुक्ति पत्र
बीजीएन 24 इंडिया
सारंगढ़-बिलाईगढ़
जिले में संवेदनशील प्रशासनिक पहल का उदाहरण पेश करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्टर कक्ष में दुर्गा पैकरा को भृत्य पद के लिए अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह नियुक्ति उनके पिता स्वर्गीय गनेशराम पैकरा के आकस्मिक निधन के बाद दी गई है, जो कलेक्टोरेट सारंगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत थे।

परिवार के कमाऊ सदस्य के अचानक निधन से उत्पन्न आर्थिक और सामाजिक संकट के बीच यह नियुक्ति दुर्गा पैकरा और उनके परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। खास बात यह रही कि प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कुछ ही महीनों में प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति प्रदान कर दी, जिससे परिवार को समय पर सहारा मिल सका।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने इस अवसर पर कहा कि शासन की अनुकंपा नियुक्ति योजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को त्वरित सहायता प्रदान करना है, जो अपने आश्रित सदस्य के निधन के बाद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे होते हैं। उन्होंने दुर्गा पैकरा को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और परिवार का सहारा बनने की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान कलेक्टोरेट के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है, जिससे यह संदेश गया है कि जरूरत के समय शासन आमजन के साथ खड़ा है।
पुष्पा
बीजीएन 24 इंडिया
सिटी ब्यूरो चीफ
रायगढ़ (छ. ग.)











