गैस कटर के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार, एटीएम लूट की बड़ी वारदात टली
बीजीएन 24 इंडिया
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी एटीएम चोरी की वारदात टल गई। देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने गैस कटर से एटीएम मशीन तोड़कर चोरी की कोशिश कर रहे आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूंजीपथरा थाना पुलिस को देर रात करीब 3 बजे गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्ती टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने देखा कि एक युवक गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।



गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार पासवान (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले का निवासी है और फिलहाल गेरवानी में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया गैस कटर भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में खुलासा:
आरोपी ने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, लेकिन ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान और कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम चोरी की योजना बनाई थी।
इस घटना में एटीएम मशीन को करीब 3 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
मामले में थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की सराहना की है। साथ ही आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी आर्थिक अपराध की घटना को होने से पहले ही रोक दिया। अगर थोड़ी सी भी चूक होती, तो लाखों रुपये की चोरी हो सकती थी।
बीजीएन 24 इंडिया के लिए, रिपोर्ट
विशाल सिंह राजपूत
बीजीएन 24 इंडिया
राष्ट्रीय प्रवक्ता
जिला ब्यूरो चीफ रायगढ़(छ. ग.)











