मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 59.45% रही उपस्थिति
बीजीएन 24 इंडिया
रायगढ़, 26 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सख्त दिशा-निर्देशों के बीच एक ही पाली में आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।




परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संचालित हुई। कुल 18,517 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 11,010 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7,507 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति 59.45 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए मंडल द्वारा व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था। सभी केंद्रों पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती के साथ सघन फ्रिस्किंग की गई। केवल मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया गया, जबकि फोटोकॉपी या अन्य माध्यमों को मान्य नहीं किया गया।
पहचान सत्यापन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पुरुष एवं एक महिला वीक्षक की नियुक्ति की गई थी। साथ ही, परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले यानी सुबह 9:30 बजे सभी केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।

परीक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। वहीं तहसीलदार और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय सात उड़नदस्ता दल गठित किए गए, जिन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
सख्त निगरानी और व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिससे प्रशासन की तैयारियों की सराहना की जा रही है।
पुष्पा
बीजीएन 24 इंडिया
सिटी ब्यूरो चीफ
रायगढ़ (छ. ग.)











