लोकेशन – कोरबा, छत्तीसगढ़
ब्यूरो चीफ नरेंद्र वाकड़े की रिपोर्ट
मैं कलेक्टर हूँ, आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ” – दूरस्थ ग्राम नकिया में कलेक्टर की चौपाल
कोरबा जिले के अंतिम छोर पर बसे दूरस्थ ग्राम नकिया में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत पीवीटीजी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और आम के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से सहज अंदाज में कहा – “मैं कलेक्टर हूँ, आप मुझे पहचानते हैं न, मैं आपकी समस्याएँ सुनने आया हूँ।”
कलेक्टर ने कोरबा विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम लेमरू, नकिया और श्यांग का दौरा कर शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बाजार शेड निर्माण, कोतरा डांड तक सड़क, खराखेत पारा में स्कूल भवन, आंगनबाड़ी, नकिया में विद्युतीकरण और पीएम आवास सहित कई मांगें रखीं। कलेक्टर ने सभी मांगों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण का भरोसा दिया।


महतारी वंदन योजना की राशि नहीं आने की शिकायत पर बैंक शिविर लगाने के निर्देश
चौपाल के दौरान कुछ महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि खाते में नहीं आने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित बैंक को सोमवार को गांव में शिविर लगाकर जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बोर के माध्यम से पानी की व्यवस्था की जाएगी और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
पीएम आवास से वंचित परिवारों को मिलेगा लाभ


कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सर्वे किया जा चुका है और जो लोग सर्वे से छूट गए हैं वे आवेदन कर सकते हैं। नया लक्ष्य मिलते ही आवास निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
लेमरू स्वास्थ्य केंद्र में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएँ


कलेक्टर श्री दुदावत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अस्पताल में रक्त जांच के लिए लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाइयों की उपलब्धता, ड्रेसिंग सामग्री और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव को सुनिश्चित करने और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।


चिर्रा–श्यांग सड़क निर्माण जून तक पूरा करने के निर्देश
दौरे के दौरान कलेक्टर ने चिर्रा–श्यांग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और ठेकेदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जून माह तक निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त मजदूर लगाने और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज कुमार गुरभेले, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

भ्रष्टाचार

मनोरंजन

राजनीति

लाइफस्टाइल

धार्मिक

गुनाह

खेल

देश

प्रदेश